पंचकूला। नगर निगम आयुक्त सचिन गुप्ता ने बुधवार को इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों की बैठक ली। इसमें इंजीनियरिंग विंग के सभी अधिकारी और ज्वाइंट कमिश्नर डॉ. ऋचा राठी भी मौजूद रहीं। आयुक्त ने सबसे पहले अधिकारियों से सीएम अनाउंसमेंट वाले कामों की जानकारी ली और पेंडिंग कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद आयुक्त ने अधिकारियों से हॉर्टिकल्चर वेस्ट के उठान को खरीदी जाने वाली मशीनरी के बारे में पूछा। अधिकारियों ने बताया कि टेंडर होना बाकी है आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि 25 ट्रैक्टर ट्रॉली को आउटसोर्स पर लेने के लिए टेंडर जल्द तैयार कर लगा दिया जाए। बैठक में ग्रुप हाउसिंग की डीपीआर को लेकर आयुक्त ने अधिकारियों से जवाब तलब किया। अधिकारियों ने बताया कि डीपीआर अप्रूवल के लिए कंसलटेंट हायर करने का मामला हेडक्वार्टर में पेंडिंग है। शहर में एयर प्यूरीफायर लगाने के सवाल पर अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को बुलाया था और फिलहाल मॉडल स्टडी किया जा रहा है। इस पर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि अधिकारी छह सितंबर तक पूरे देश में जहां जहां भी एयर प्यूरीफायर लगे हैं उन मॉडल को स्टडी करके रिपोर्ट जमा कराएं।
बैठक में सेक्टर-21 और सेक्टर-20 में कम्युनिटी हॉल में मल्टी पर्पज हाल बनाने के काम के बारे में आयुक्त ने अधिकारियों से पूछा, अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए कंसलटेंट हायर किया जा रहा है। आयुक्त ने कहा कि अधिकारी यह देखें क्या वहां टेबल टेनिस, कैरम, चेस आदि जैसी सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाए।
पब्लिक टॉयलेट्स की हालत भी जानी
इसके बाद बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों से पंचकूला के पब्लिक टॉयलेट्स की हालत के बारे में जाना। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 10 पब्लिक टॉयलेट्स की फाइनल अप्रूवल के लिए जा चुकी है और बाकी की भी अप्रूवल जल्द ही भेज दी जाएगी। अधिकारियों ने आगे बताया कि स्ट्रीट लाइट से जुड़ा मामला डीयूएलबी में मामला गया हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि 29 एसी गुरुवार तक आ जाएंगे और 31 अगस्त तक सभी कम्युनिटी सेंटर में एसी लगा दिए जाएंगे। बैठक में एसई विजय गोयल, एक्सईएन प्रमोद कुमार, सुमित मलिक, अजय पंघाल, एसडीओ मनोज एहलावत, हरिंदर सेठी, अजय गौतम, राजेश चंदेल मौजूद रहे।