चंडीगढ़। वीजा दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में सेक्टर-17 थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन आरोपियों में अक्षय वर्मा, साहिल और एक अन्य आरोपी शामिल है। शिकायतकर्ता विनीत कुमार निवासी सोनीपत, हरियाणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सेक्टर-17डी की वीजा वाइब्स नामक एक इमिग्रेशन एजेंसी के तीन कर्मचारियों ने उनको विदेश का वीजा दिलवाने के लिए उनसे दो लाख 47 हजार 500 रुपये की मांग की थी। इसके बाद विनीत कुमार ने उनको वीजा के नाम पर मांगी गई उक्त राशि दे दी। लेकिन इसके बाद तीनों आरोपियों ने विनीत को न तो विदेश का वीजा दिलवाया और न ही उसकी रकम लौटाई। इसके बाद विनीत कुमार की शिकायत पर सेक्टर-17 थाना पुलिस ने उक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी है।