चंडीगढ़। शहर के 42 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में 11वीं कक्षा की 13,875 सीटों पर 11,412 विद्यार्थियों को पहली काउंसलिंग के तहत दाखिला मिल गया है। 2,463 सीटें अभी खाली हैं। इन सीटों पर दाखिले के लिए दूसरी काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसमें उन बच्चों को प्रवेश के लिए मौका मिलेगा, जिनका नाम पहली प्रोविजनल सूची में नहीं था।
शिक्षा विभाग 10 जुलाई तक दूसरी काउंसलिंग को लेकर जानकारी जारी कर सकता है। कुल सीटों पर विभाग द्वारा जारी की स्कूल आवंटन सूची में विद्यार्थियों को 12,491 सीटें आवंटित की गईं। स्कूल-संकाय आवंटन सूची में से 1079 विद्यार्थियों का दाखिला नहीं हुआ या वह दस्तावेज सत्यापन करने स्कूल नहीं पहुंचे। मानविकी की 7,060 सीटों में 5,841 विद्यार्थियों का दाखिला हुआ है और 1,219 सीटें खाली बची हैं। सभी संकायों में से खाली सीटों की सबसे अधिक संख्या मानविकी में है। नाॅन मेडिकल की 2,090 सीटों में से 1,814 पर दाखिला हो चुका है, 276 खाली हैं। मेडिकल में 990 सीटों में से 916 भर गई हैं और 74 खाली हैं। कॉमर्स की 1980 में से 1767 पर दाखिला हो चुका है और 213 खाली बची हैं। कौशल कोर्स की 1755 सीटें हैं, जिनमें से 1074 पर विद्यार्थी दाखिला ले चुके हैं और 681 खाली हैं। स्कूल शिक्षा निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने बताया कि वह जल्द ही दूसरी काउंसलिंग के लिए तिथि निर्धारित करेंगे।