चंडीगढ़। औद्योगिक क्षेत्र, फेज-1 स्थित एक प्लाट में फैक्ट्री से 24 लाख रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और एक चैक बुक चोरी होने का मामला सामने आया है। मामले में सेक्टर 21डी के दिनेश गोयल की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। बीती 16 अगस्त को यह वारदात हुई। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मामले में चोरी और ट्रेस पासिंग की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक चोर फैक्ट्री का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। शिकायतकर्ता ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के चलते उन्होंने फैक्ट्री नहीं खोली थी। 16 अगस्त को जब वह फैक्ट्री पहुंचे तो गेट पर लगा सीसीटीवी कैमरा टूटा हुआ था। अंदर कैबिन का शीशा भी टूटा मिला और तिजौरी से लाखों रुपये की नकदी भी गायब मिली। वहीं, मोबाइल फोन और चेक बुक भी नहीं थी। पुलिस आसपास की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।