सेक्टर-22 स्थित गवर्नमेंट मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में अब 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध होंगी। 8 जून को एडवाइजर विजय कुमार देव इसका शुभारंभ करेंगे। मदर एंड चाइल्ड के साथ अन्य मरीजों का भी अस्पताल में इलाज हो सकेगा। अस्पताल में बंद हो चुकी 5 से अधिक ओपीडी को खोलने की तैयारी भी प्रशासन ने कर ली है।
इसमें इमरजेंसी ब्लॉक एक साल से बनकर तैयार है। इमरजेंसी के लिए व्हीलचेयर और स्ट्रेचर भी महीनों पहले से आ चुके हैं। लेकिन इमरजेंसी शुरू नहीं हो पाई थी। अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर और 5 से अधिक ओपीडी भी स्टाफ न होने के कारण बंद है।
स्वास्थ्य विभाग ने इस अस्पताल को अपग्रेड करने की तैयारी कर ली है। शुरुआत इमरजेंसी की ओपनिंग से हो रही है। इमरजेंसी शुरू होने से गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल-16, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल-32 और पीजीआई पर मरीजों का बोझ कम होगा।
पीजीआई में रोजाना लगभग 8 हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। सेक्टर-22 अस्पताल में इमरजेंसी शुरू होने से 6 से अधिक सेक्टरों को सीधा-सीधा फायदा होगा। उन्हें पीजीआई और दूसरे अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। खासकर एक्सीडेंट में घायल मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध हो जाएगा।