चंडीगढ़। कड़ी सुरक्षा के बीच बुडैल जेल में नशा पहुंचाने का मामला सामने आया है। मुलाकात के दौरान केले में छिपाकर लाई गई 24 संदिग्ध नशीली टेबलेट्स बरामद की गईं। पंचकूला की राजीव कॉलोनी का रहने वाला अभिषेक (22) जेल में बंद मौलीजागरां की चरण सिंह कॉलोनी निवासी सचिन भारद्वाज (27) से मिलने आया था। शनिवार दोपहर लगभग एक बजे मुलाकात के दौरान उसने सचिन को देने के लिए केले जेल स्टाफ को सौंपे। जांच के दौरान स्टाफ को केलों के भीतर छिपाई गई 24 लूज टेबलेट्स मिलीं।
जेलर प्रमोद खत्री के निर्देश पर जेल में सुरक्षा सख्त की गई थी। तलाशी में मामला सामने आते ही अभिषेक को हिरासत में लेकर पुलिस को सूचना दी गई। चंडीगढ़ पुलिस की सेक्टर-49 थाना टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सचिन भारद्वाज पत्नी की हत्या के मामले में जेल में बंद है। जेल के वेल्फेयर ऑफिसर तारा चंद की शिकायत पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बरामद टेबलेट्स जांच के लिए सीएफएसएल भेजी गई हैं।