पंजाब में अब नाइट कर्फ्यू 1 जनवरी, 2021 तक रहेगा। विवाह और पार्टियों के दौरान इनडोर कार्यक्रमों में 100 और आउटडोर कार्यक्रमों में 250 से ज्यादा लोगों के जमा होने पर रोक रहेगी। कोविड प्रोटोकाल के बड़े स्तर पर उल्लंघन की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने यह आदेश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने डीजीपी दिनकर गुप्ता को राज्य के मैरिज पैलेसों और अन्य स्थानों पर कोविड संबंधी एहतियात सख्ती से लागू करने के आदेश दिए हैं। साथ ही उल्लंघन होने की स्थिति में आयोजक पर जुर्माना लगाने को कहा है।
कोविड के कारण राज्य में अधिक मृत्यु दर को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने 1 से 15 दिसंबर तक नाइट कर्फ्यू (रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक) लगाया था, जिसे अब एक जनवरी तक बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। शुक्रवार को कोविड की स्थिति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय मीटिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने सह-रोगों से पीड़ित 70 साल से अधिक उम्र के पॉजिटिव मरीजों के लिए घरेलू एकांतवास को खत्म करने के आदेश दिए हैं, बशर्ते उन्हें घर में उचित मेडिकल सुविधाएं मुहैया हो सकती हों। सीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि दिल्ली में कोविड के मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वहां आंदोलन से वापस आने वाले किसानों की सेहत की जांच की जाए।
अब तक 35 लाख में से डेढ़ लाख सैंपल मिले पॉजिटिव : हुस्नलाल
वर्चुअल मीटिंग के दौरान स्वास्थ्य सचिव हुसन लाल ने बताया कि बड़ी संख्या में कोविड मौतें घरेलू एकांतवास के मामलों में सामने आई हैं। मौत की घटनाएं रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने सभी प्राइवेट अस्पतालों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं, ताकि केवल स्तर-3 के उचित बुनियादी ढांचे और मानव संसाधन वाले अस्पतालों को ही कोविड मरीज दाखिल करने की इजाजत दी जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसी सुविधाओं की कमी वाले अस्पतालों को मरीज अन्य अस्पतालों में रेफर कर देने चाहिए। हुसन लाल ने इस मौके पर बताया किया कि अभी तक राज्य में 35 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 1.5 लाख नमूने पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि, पंजाब में दूसरी लहर धीमी ही रही है लेकिन उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
पंजाब की 24.19 फीसदी आबादी कोरोना पॉजिटिव
पंजाब के 12 जिलों में करवाए गए दूसरे सिरो सर्वे के मुताबिक, राज्य की कुल आबादी में से 24.19 प्रतिशत जनसंख्या कोरोना पॉजिटिव हो चुकी है। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि चुनिंदा जिलों में कराए सर्वे के मुताबिक 4.03 प्रतिशत संक्रमितों में लक्षण पाए गए जबकि 95.9 प्रतिशत लक्षणों से रहित मिले। शहरी इलाकों में पॉजिटिव दर 30.5 प्रतिशत और ग्रामीण इलाकों में 21.0 प्रतिशत पाई गई। लुधियाना में यह दर सबसे अधिक 54.6 प्रतिशत है। इसके बाद फिरोजपुर, जालंधर और एसएएस नगर (मोहाली) अधिक प्रभावित हुए। शहरी और ग्रामीण इलाकों में महिलाओं में पॉजिटिव दर अधिक पाई गई।