चंडीगढ़। ब्लैक फंगस के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार गंभीर है। बुधवार को चंडीगढ़ को एंफोटेरेसिन बी इंजेक्शन के और 200 वायल अलॉट किए हैं। इससे पहले 24 मई को 50 वायल अलॉट किए जा चुके हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि 24 से 48 घंटे के दौरान वह स्टॉक स्वास्थ्य विभाग को मिल जाएगा। वहीं 200 वॉयल और लेने की अनुमति मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग वीरवार को उसकी डिमांड कंपनी को भेज देगा। डिमांड भेजे जाने के 2 से 3 दिन के अंदर स्टॉक पहुंच जाएगा। मौजूदा समय में पीजीआई में 52, जीएमसीएच-32 में 30, हीलिंग अस्पताल में 3 व मुकट अस्पताल में ब्लैक फंगस का एक मरीज भर्ती है। इनमें से पीजीआई में चंडीगढ़ के दो, जीएमसीएच-32 में 6, व हीलिंग अस्पताल में 2 मरीज भर्ती हैं। चंडीगढ़ के इन 10 मरीजों में से 7 कोरोना संक्रमित हैं।