चंडीगढ़। 20 वर्षीय युवती ने वीरवार देर रात सुखना लेक में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पांच घंटे की तलाश के बाद शुक्रवार तड़के झील से युवती का शव बरामद किया। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवा दिया है। सेक्टर 3 थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान मनीमाजरा निवासी पार्वती के रूप में हुई।
पुलिस ने कहा कि पार्वती रात करीब 10 बजे यह कहकर घर से निकली थी कि वह दोस्त से मिलने जा रही है। एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के अनुसार वह रात करीब साढ़े 11 बजे सुखना झील पहुंची और झील में कूद गई। प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को युवती के झील में कूदने की सूचना दी। सूचना के बाद दमकल विभाग और पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया। रात को ही गोताखोर और बोट पानी में उतारी गई। पांच घंटे के अभियान के बाद पुलिस को झील से शव बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने कहा कि पीड़िता आईटी पार्क में काम करती थी। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।