चंडीगढ़। शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने पूरे विभाग के कर्मचारी और अफसर को एक्टिव कर दिया है। नगर आयुक्त अमित कुमार के निर्देश पर इंजीनियरिंग विंग की 20 विशेष टीमें हर दिन अलग अलग इलाकों में सफाई की स्थिति चेक कर रही हैं। टीम के सदस्य मौके से तुरंत फोटो, वीडियो और रिपोर्ट फील्ड इंस्पेक्शन नाम के एक खास व्हाट्सऐप ग्रुप पर भेज रहे हैं।
जैसे ही किसी लोकेशन से शिकायत आती है, उसी समय वहां के सेनेटरी इंस्पेक्टर और जेई को बुलाया जाता है। यहां तक की हर दिन की इन रिपोर्ट को जोड़कर हर एरिया के एसआई और जेई का रिपोर्ट कार्ड तैयार हो रहा है।
हर मंगलवार को निगम आयुक्त खुद देख रहे हैं रिपोर्ट
निगम आयुक्त हर मंगलवार को सभी एसआई और जेई को बुलाकर पूरे सप्ताह कर रिपोर्ट पूछ रहे हैं। अमित कुमार ने बताया कि अगर किसी सरकारी विभाग की वजह से भी गंदगी मिली तो भी चालान काटा जाएगा। इसी नीति के तहत हाल ही में हॉर्टिकल्चर और इलेक्ट्रिसिटी विभाग पर 13 हजार रुपये का चालान किया गया था। यहां तक की कमिश्नर, स्पेशल कमिश्नर, दोनों जॉइंट कमिश्नर और चीफ इंजीनियर भी खुद फील्ड में जाएंगे। यह अधिकारी अलग-अलग टीम बनाकर सफाई की असली स्थिति की जांच करेंगे।