मनीमाजरा। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के तत्वाधान में कलाग्राम मनीमाजरा में 20 दिवसीय राष्ट्रीय मूर्तिकला (पत्थर) शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर 18 सितंबर से 7 अक्टूबर तक लगेगा।
एनजेडसीसी के कार्यक्रम अधिकारी यशविंदर शर्मा ने बताया कि इस शिविर में कई राज्यों से अनुभवी निपुण मूर्तिकार आमंत्रित किए गए हैं। इस कार्यशाला की विशेषता है कि सांस्कृतिक केंद्र मूर्ति बनाने के लिए पत्थर, एक एक सहायक (कारवर) और उचित औजार शिल्पकारों को मुहैया कराएगा। पहले से ही खूबसूरत मूर्तियों से सजे कलाग्राम में छह और मूर्तियां अपनी छटा बिखेरेंगी। कलाग्राम में पहले ही राष्ट्र के विशिष्ट मूर्तिकारों की ओर से बनाई गई 250 से भी ज्यादा मूर्तियां है। मनीमाजरा का कलाग्राम एशिया में सबसे बड़ा मूर्तिस्थल कहलाता है।
इसमें आमंत्रित मूर्तिकार रंजीत कुमार मुरैना मध्य प्रदेश से, शत्रुघ्न कुमार सिंह अहमदाबाद गुजरात से, हूरेंन जानीसन सिंह मणिपुर से, धर्मजय रांची से, गोवर्धन मंडल झारखंड से और उमेश कुमार नेतम छत्तीसगढ़ से हैं। हर मूर्तिकार अलग-अलग विषय पर मूर्ति का निर्माण करेंगे।