यूटी में जल्द ही हरियाणा के दो नए एचसीएस अधिकारी ज्वाइन करेंगे। यूटी प्रशासन ने छह एचसीएस अधिकारियों के पैनल में से दो अधिकारियों का नाम क्लीयर कर दिया है और उम्मीद है कि चुनाव आचार संहिता हटने के बाद दोनों अधिकारी ज्वाइन कर लेंगे।
इन दो अधिकारियों में वर्ष 2004 बैच के सतीश कुमार जैन और वर्ष 2002 बैच की सरिता मलिक शामिल है। सरिता मलिक हरियाणा के पूर्व डीजीपी एमएस मलिक की बेटी हैं।
चंडीगढ़ में अभी जो एचसीएस अधिकारी हैं उनमें भूमि अधिग्रहण अधिकारी तिलक राज, एसटीए सचिव महावीर कौशिक, डीपीआई (स्कूल) केके भादू, सीएचबी सचिव मंदीप कौर, समाज कल्याण निदेशक राजेश जोगपाल और अतिरिक्त सचिव (संपदा) एसके सेतिया शामिल हैं। ऐसे में दो नए एचसीएस अधिकारियों के आने से एचसीएस अधिकारियों की संख्या आठ हो जाएगी।
नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त एचसीएस अधिकारी ललित सिवाच को लगभग छह माह पहले रिलीव किया गया था। उनकी जगह कोई एचसीएस अधिकारी नहीं आया था। एचसीएस अधिकारी महावीर कौशिक और तिलक राज का कार्यकाल पूरा हो गया है और वे एक्सटेंशन पर चल रहे हैं। राजेश जोगपाल का कार्यकाल भी पूरा होने वाला है। ऐसे में प्रशासन जल्द ही इनमें से किसी अधिकारी को रिलीव कर सकता है।
महिला अधिकारियों का हो रहा है चयन
पंजाब और हरियाणा से आने वाले एचसीएस और पीसीएस अधिकारियों के पैनल में से चंडीगढ़ प्रशासन महिला अधिकारियों का चयन कर रहा है। इससे पहले जब हरियाणा सरकार ने छह एचसीएस अधिकारियों का पैनल भेजा था तब मंदीप कौर का चयन हुआ था। इससे पहले वंदना दिसोदिया और वर्षा खंगवाल का चयन हुआ था। इसी तरह से पीसीएस अधिकारियों के पैनल में से अमनदीप कौर का चयन हुआ था।