चंडीगढ़ और मोहाली में बुधवार और वीरवार 2 दिनों तक लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ेगी। ये इलाका होगा प्रभावित। शहर के लोगों को आने वाले दो दिन पीने वाले पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा।
मोहाली में इस दौरान जहां सुबह और शाम कम प्रेशर से पानी आएगा, जबकि दोपहर के समय पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। यह स्थिति पैदा हुई कजौली वाटर वर्क्स की फेज-3 की मेन लाइन में खराबी आने से। विभाग बुधवार और वीरवार को पाइप लाइन की मरम्मत करेगा।
इस कारण फेज-3 और 4 की पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। विभाग ने इलाके के लोगों से सहयोग की अपील की है। जानकारी के मुताबिक, विभाग ने रिपेयर के लिए कई टीमें गठित की है।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आए दिन लाइन में खराबी आ रही थी। इसके चलते समय रहते रिपेयर करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, विभाग का दावा है कि किसी भी इलाके में पानी की किल्लत नहीं आने दी जाएगी।
इन सेक्टरों में आएगी पानी की समस्या
सेक्टर-70 व 71, गांव मटौर, शाहीमाजरा, फेज-नौ, दस, ग्यारह व इंडस्ट्रियल ग्रोथ फेज-एक से पांच में पानी का संकट बना रहेगा।
टैंकरों से होगी पानी की सप्लाई
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इलाके में टैंकरों से भी पानी की सप्लाई की जाएगी। यदि लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो लोग 0172-2225138 पर कॉल करनी होगी।
बुधवार व वीरवार को ऐसे होगी पानी की सप्लाई
सुबह----------कम प्रेशर
दोपहर--------पानी की सप्लाई बंद रहेगी
शाम---------पानी की सप्लाई कम प्रेशर से होगी
आज और कल रहेगी पानी की किल्लत
चंडीगढ़ में शहरवासियों को बुधवार और वीरवार को पानी की किल्लत झेलनी पड़ेगी। नगर निगम के जनस्वास्थ्य विभाग के अनुसार मलोया में कजौली वाटर वर्क्स की तीसरे फेज की पाइप में लीकेज आ रही है, जिसकी रिपेयर करनी है। इस कारण सेक्टर-38 के वाटर वर्क्स से शहर में पानी की सप्लाई के लिए पंपिंग नहीं हो पाएगी। जनस्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार सुबह पानी की सप्लाई नार्मल आएगी, लेकिन शाम और वीरवार सुबह पानी की सप्लाई नहीं आएगी, जबकि वीरवार शाम को पानी की सप्लाई नार्मल हो जाएगी।