चंडीगढ़। शहर के एक फाइव स्टार होटल में ठहरे बॉलीवुड अभिनेता राहुल बोस से दो केलों का बिल 442.50 रुपये वसूलने के मामले में अब प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है। डिप्टी कमिश्नर मनदीप सिंह बराड़ ने असिस्टेंट एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर आरके चौधरी की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी गठित कर दी है। यह टीम अब इस बात की जांच करेगी कि बॉलीवुड अभिनेता से आखिर दो केलों की इतनी कीमत क्यों वसूली गई।
आरके चौधरी की अध्यक्षता में बनी कमेटी में दो ईटीओ भी शामिल किए गए हैं। वीरवार को ईटीओ ने होटल पहुंचकर वहां के डाक्यूमेंट चेक किए। साथ ही जांच के लिए कुछ डॉक्यूमेंट्स साथ लेकर भी आए हैं। आरके चौधरी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। बॉलीवुड एक्टर को होटल ने इतने महंगे रेट पर दो केले कैसे दिए, इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जानने की कोशिश की जा रही है कि कहीं ये विशेष प्रकार के केले तो नहीं हैं या फिर विदेश से तो नहीं मंगवाए गए हैं। चौधरी का कहना है कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
बता दें कि बीते दिनों एक्टर राहुल बोस ने सोशल मीडिया में एक वीडियो शेयर किया था। इसमें चंडीगढ़ के एक फाइव स्टार होटल में जिम के दौरान उन्होंने दो केले आर्डर करने की बात कहते हुए 442.5 रुपये का बिल होटल की ओर से देने की बात कहते हुए नाराजगी जताई थी। मामले की जानकारी के बाद एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर कम डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने राहुल बोस के ट्विटर पर जो बिल पोस्ट किया गया, उसके आधार पर जांच के आदेश दिए हैं।