संवाद न्यूज एजेंसी
मनीमाजरा। शिवालिक एनक्लेव एनएसी निवासी कारोबारी विकास गांधी के साथ ढाई लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बीते 23 जुलाई को विकास गांधी के व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें मैसेज करने वाले ने खुद को छोटा भाई विशाल गांधी बताते हुए भावेश गुप्ता को ढाई लाख रुपये देने को कहा था। इसके बाद विकास ने भावेश के खाते में रुपये जमा करवा दिए। मनीमाजरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 419, 420, 120 बी के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विकास गांधी ने बताया कि उसका छोटा भाई विशाल गांधी अमेरिका में रहता है। बीते 23 जुलाई को दोपहर करीब 3.43 बजे एक व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने बताया कि वह उसका छोटा भाई विशाल गांधी है। उसके दोस्त भावेश गुप्ता को 2,50,000 रुपयों की तुरंत जरूरत है। उसने भावेश का एचडीएफसी बैंक का खाता नंबर भी दिया। जब विकास गांधी ने अपने भाई विशाल को फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद विकास गांधी ने सेक्टर-14 पंचकूला स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से भावेश के खाते में 2.50 लाख रुपये जमा करवा दिए। कुछ ही देर बाद फिर उसी नंबर से दोबारा मैसेज आया कि खुशबू के आइसीआईसीआई बैंक के अकाउंट में भी 2.50 लाख रुपये जमा करवाने हैं। इसके बाद विकास को अपने साथ धोखाधड़ी का शक हुआ और दोबारा रुपये नहीं जमा कराए। 24 जुलाई को जब विकास गांधी की अपने भाई विशाल गांधी से बात हुई तो सामने आया कि किसी अज्ञात ने उसका छोटा भाई बताकर ढाई लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने विकास की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की बैंक डिटेल खंगाल रही है।