चंडीगढ़। वन एवं वन्यजीव विभाग चंडीगढ़ ने वन्य जीव, प्रकृति और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए जनता के बीच जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से सोमवार को वाइल्ड लाइफ वॉकथॉन का आयोजन किया।
10 किलोमीटर लंबे इस वाइल्ड लाइफ वॉकथॉन को प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उनके साथ गृह सचिव नितिन यादव, चीफ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट टीसी नौटियाल और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। नेपली से कांसल लांग हट तक इस 10 किलोमीटर लंबी वॉकथॉन में शहर के 1800 लोगों ने हिस्सा लिया। जिसमें स्कूल के छात्र, आम लोगों के साथ शहर के गण्यमान्य लोग भी शामिल रहे। इस वॉकथान में लोगों ने 1500 मीटर उंची पहाड़ियों से होते हुए कुदरत के नजारे का भी आनंद लिया। वहीं सलाहकार धर्मपाल व गृह सचिव नितिन यादव ने लोगों के साथ मिलकर वॉकथॉन पूरी की। बता दें वन्यजीवन और उसके आवास के संरक्षण के लिए जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पूरे देश में वन विभाग की ओर से अक्तूबर के पहले सप्ताह के दौरान वन्यजीव सप्ताह मनाया जाता है।
सराहनीय प्रयास, लोग वन्यजीव संरक्षण के प्रति बनेंगे संवेदनशील
मुख्य अतिथि धर्मपाल ने विभाग के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां आम जनता को वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाएंगी। वहीं, इस अवसर पर चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन टीसी नौटियाल ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के लिए वॉकथान में भाग लेने के लिए इतने सारे लोग आगे आए, यह एक बहुत ही सकारात्मक परिणाम है।
200 लोगों का समूह बनाकर की ट्रेकिंग : विभाग के अनुसार वॉकथॉन में भाग लेने वाले सभी लोगों को अलग-अलग समूह में बांटा गया। विभाग द्वारा 200-200 लोगों का समूह बनाया गया। हर एक समूह साथ वन विभाग का एक अधिकारी और एक ग्रुप लीडर ने लोगों को ट्रेकिंग करवाते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचाया।
विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन
वन एवं वन्यजीव विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन ने वन्यजीव सप्ताह के सप्ताहभर चलने वाले उत्सव के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसमें चंडीगढ़ के पक्षियों और स्तनधारियों की प्रदर्शनी, चंडीगढ़ की तितलियों पर प्रदर्शनी, विभिन्न स्कूलों में 'वन्यजीव संरक्षण' पर व्याख्यान श्रृंखला और फिल्मों की स्क्रीनिंग, 'वन्यजीव बचाव' पर लोगों को संवेदनशील बनाना, विभिन्न स्कूलों के इको-क्लब प्रभारियों/शिक्षकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला यूटी चंडीगढ़ और पेंटिंग/ड्राइंग प्रतियोगिताएं आदि शामिल रहेंगी।