मिशन वंदे भारत के तहत दुबई से 176 भारतीयों को स्पेशल फ्लाइट से वापस लाया गया। एयर इंडिया की यह उड़ान शाम करीब साढ़े 6 बजे मोहाली के चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची। दुबई से इस स्पेशल फ्लाइट से उन भारतीयों को यहां लाया गया है जो कि किसी न किसी कारण से दुबई गए थे और कोरोना लॉकडाउन के चलते वहां फंस गए थे।
इन यात्रियों में कुछ दुबई घूमने गए थे या फिर वहां जॉब करते हैं। इनके अलावा वह यात्री भी थे जिनके बच्चे वहां रहते हैं और वह अपने बच्चों से मिलने जनवरी में दुबई गए थे। इसके बाद जब मिशन वंदे भारत की शुरुआत की गई तो यह लोग दुबई से यहां उड़ान से पहुंचे हैं। इस उड़ान में ज्यादातर यात्रियों ने पीपीई किट पहनी थी। इनमें पंजाब के अलावा आसपास के राज्यों के यात्री भी शामिल हैं।
चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दुबई से यहां पहुंचने वाले सभी यात्रियों का पंजाब सरकार के स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों ने मेडिकल चेकअप किया और सभी के सैंपल लिए। इसके बाद यात्रियों को बैच में एयरपोर्ट से बाहर निकाला गया। यहां सभी यात्रियों के लिए सैनिटाइजेशन की व्यवस्था थी।
सभी यात्रियों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार क्वारंटीन किया जाएगा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट के पीआरओ प्रिंस दिलदार ने बताया कि एयरपोर्ट पर कोरोना से बचाव की सभी व्यवस्थाएं एयरपोर्ट अथॉरिटी ने की हुई हैं। उन्होंने बताया कि जो लगेज विमान से उतारा गया उसको सैनिटाइज करने के बाद ही यात्रियों को सौंपा गया।