पंजाब में मंगलवार को कोरोना से 176 लोगों की मौत हो गई जबकि 4798 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 53127 हो गई है। 386 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, 6357 संक्रमितों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रख गया है।
मंगलवार को लुधियाना में 19, संगरूर में 17, अमृतसर में 16, बठिंडा में 14, पटियाला में 13, जालंधर में 12, मोहाली व मुक्तसर में 9-9,फिरोजपुर में 8, कपूरथला व फाजिल्का में 7-7, फरीदकोट व मानसा में 6-6, मोगा व गुरदासपुर में 5-5, पठानकोट, बरनाला व फतेहगढ़ साहिब में 4-4, होशियारपुर, नवांशहर व तरनतारन में 3-3 और रोपड़ में 2 संक्रमितों की मौत हो गई।
राजिंदरा में ब्लैक फंगस के एक और मरीज की मौत
उधर, पटियाला स्थित सरकारी राजिंदरा अस्पताल में ब्लैक फंगस के मरीजों की मौत का सिलसिला जारी है। मंगलवार को राजिंदरा में ब्लैक फंगस के एक और मरीज की मौत हो गई। अब मौत का कुल आंकड़ा छह हो गया। उधर, निजी नर्सिंग होम में मंगलवार को ब्लैक फंगस के एक नए केस की पुष्टि सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह ने की।
सीएमओ ने बताया कि अब राजिंदरा और निजी अस्पताल में 9 ब्लैक फंगस के मरीज उपचाराधीन हैं। इसमें से पांच मरीज राजिंदरा और चार निजी अस्पताल में दाखिल हैं। सिविल सर्जन ने कहा कि मंगलवार को राजिंदरा में जिस ब्लैक फंगस के मरीज की मौत हुई, उसे कोविड संबंधी और भी कई समस्याएं थीं।
राजिंदरा में कोविड से हुई 19 मौतें
राजिंदरा अस्पताल में पिछले 24 घंटे के दौरान जहां 19 मरीजों की कोविड से मौत हो गई, वहीं 36 नए कोरोना मरीज अस्पताल में दाखिल हुए। इससे साफ है कि कोरोना की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी है। जिन 19 मरीजों की अस्पताल में मौत हुई, उनमें पटियाला जिले के सात मरीज थे, जबकि 12 पंजाब के अन्य जिलों के हैं। अस्पताल से ठीक होकर 16 मरीज घर भी लौटे हैं।