नयागांव। गांव मंथो संगतियां के पास फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले लड़के से दो लोगों ने 1.73 लाख रुपये, टैब और स्कैनर बायोमेट्रिक लूट लिए। शिकायत पर ब्लॉक माजरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता अमृतपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी मोरिंडा में ब्रांच मैनेजर के पद पर काम करता है। उनकी कंपनी शहर और आसपास के गांव में जाकर जरूरतमंद महिलाओं को छोटी स्कीमों के तहत कर्ज देती है। लोन की रिकवरी के लिए उसके पास छह व्यक्ति काम करते हैं। 24 अगस्त को 12 बजे उसकी ब्रांच का लड़का गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा वासी तलवंडी मंगे खां अपनी मोटरसाइकिल पर किस्त इकट्ठी करने के लिए गांव में गया था। जब वह गांव मंथो संगतियां के पास पहुंचा तो पीछे से दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए जिन्होंने मुंह को कपड़े से ढका हुआ था। उसको रोक लिया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। बाद में दोनों आरोपी उसकी मोटरसाइकिल पर रखा बैग उठाकर ले गए। बैग में किस्त के एक लाख 73 हजार रुपये, एक टैब और स्कैनर बायोमेट्रिक था।