पंजाब यूनिवर्सिटी में 16 जुलाई से शुरू हो रहे सत्र 2024-25 में विभिन्न कोर्सेज के प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले 1710 विद्यार्थियों को छात्रावास कमरा आवंटित किया जाएगा। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को छात्रावास दाखिले और द्वितीय वर्ष छात्रों को छात्रावास सीट नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। कुलपति प्रो. रेणु विग ने सोमवार को डीएसडब्ल्यू प्रो. अमित और अन्य संकाय समेत छात्रावास नियमों की हैंडबुक जारी की।
डीएसडब्ल्यू प्रो. अमित ने बताया कि 1710 में से 850 और 860 के करीब सीटें लड़कों और लड़कियों की हैं। इस बार पीयू प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का दाखिला ऑनलाइन कर रहा है। पुराने विद्यार्थियों को छात्रावास नवीनीकरण कराने के लिए 30 जुलाई तक का समय दिया गया है। निर्धारित तिथि तक छात्रावास सीट नवीनीकरण न करने पर विद्यार्थी पर 150 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। सितंबर के अंत तक विद्यार्थी के छात्रावास नवीनीकरण न करने पर उसकी सीट रद्द की जाएगी। पीयू में कुल 21 छात्रावास हैं, जिनमें करीब 7600 विद्यार्थी रह रहे हैं। इनमें से 20 प्रतिशत सीटें हर सत्र में खाली होती हैं, जिन पर नए विद्यार्थियों को दाखिला मिलता है। पुराने विद्यार्थी नो ड्यूज फॉर्म भरकर अपनी सीट का नवीनीकरण कराते हैं। लड़कियों के 11, लड़कों के आठ, एक वर्किंग वुमन और एक अंतरराष्ट्रीय छात्रावास है।
छात्रावास-11 में 50 प्रतिशत सीटें मिलेंगी कॉलेज छात्राओं को : पीयू प्रशासन सितंबर माह तक लड़कियों के छात्रावास-11 की इमारत में छात्राओं को दाखिला देने की तैयारी कर रहा है। रूसा के अनुदान से बनी इमारत में 50 प्रतिशत सीटें कॉलेज छात्राओं को मिलेगी और 50 प्रतिशत पीयू छात्राओं को। प्रो. अमित ने बताया कि यूटी प्रशासन से अनुदान मिलने के तहत यह प्रावधान किया है। छात्रावास इमारत में दो-तीन चीजों पर यूटी प्रशासन से आपत्ति आने पर उस पर कार्य करना रहता है। यूटी प्रशासन की ओर से तकनीकी सलाहकार रखने के लिए कहा है। यूटी प्रशासन के दिए प्रावधानों पर पीयू काम कर रहा है। सितंबर में करीब 60 सीटों पर छात्राओं को सीट आवंटित करने की योजना है। प्रो. अमित ने बताया वह छात्रावास को छात्राओं के लिए तैयार कर रहे हैं, जिसमें कैंटीन के बर्तन, पर्दे आदि सामान लिया जाना है।