चंडीगढ़। दिल्ली से हेरोइन लाकर चंडीगढ़ में बेचने वाली एक तस्कर को ऑपरेशन सेल ने गिरफ्तार किया है। महिला तस्कर नीना दिल्ली के हिमगिरी एंक्लेव की रहने वाली है। उसके पास से 200 ग्राम हेरोइन भी बरामद हुई है। सेक्टर-39 थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। साथ ही नशे के नेटवर्क का पता लगाने के लिए उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।
ऑपरेशन सेल एसपी विनीत कुमार के निर्देश पर ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर रंजीत सिंह की टीम ने फर्नीचर मार्केट चौक से जीरी मंडी चौक के बीच नाकाबंदी कर रखी थी। वाहनों की चेकिंग के दौरान नाके की तरफ एक महिला आती दिखी। पुलिस को देखकर वह घबरा गई। पुलिस को अपनी ओर आते देख वापस मुड़ी और अपने हाथ में पकड़ा हुआ बैग फेंक दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने शक के आधार पर महिला को पकड़ लिया। पुलिस ने जब उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। नशे की कीमत करीब 16 लाख रुपये है। पुलिस पूछताछ में उसने यह भी बताया कि वह दिल्ली स्थित उत्तम नगर में रहने वाले नाइजीरियन से सस्ते दाम पर हेरोइन लाकर चंडीगढ़ में महंगे दाम पर बेचती थी। वह यहां सेक्टर-56 के मकान नंबर-5711-सी में रह रही थी। पुलिस का कहना है कि महिला का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। उससे शहर में सक्रिय अन्य नशा तस्करों के बारे में पूछताछ की जा रही है।