तीन राज्यों में चुनाव के दौरान राफेल डील पर झूठ बोली कांग्रेस: बराला
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। हरियाणा प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा है कि राफेल डील पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस की पोल खुल गई है। अब साफ हो गया है कि कांग्रेस के नेताओं ने तीन राज्यों के चुनावों में राफेल डील पर जमकर झूठ बोला। सुभाष बराला सोमवार को पंचकूला में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नेहरू के शासन में जीप घोटाला, इंदिरा गांधी के शासन में नागर बैंक घोटाला, राजीव गांधी के शासन में बोफोर्स घोटाला इसके बाद यूरिया, अगस्ता जैसे बड़े घोटाले करने वाली कांग्रेस को ऐसा ही लगता है कि कोई भी डील बिना घोटाले के नहीं हो सकती है। सुभाष बराला ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने राफेल डील पर सरकार को क्लीन चिट दे दी है। राफेल मामले में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है, इसमें कोई अनियमितताएं नहीं है, लेकिन कांग्रेस ने अपना झूठ छिपाने के लिए साजिश रची और पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में इस झूठ का जमकर इस्तेमाल किया। बराला ने कहा कि इन चुनावों में हालांकि भाजपा हारी, लेकिन उसका वोट प्रतिशत कम नहीं हुआ है। आने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा फिर से छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारी मतों से जीतेगी। बराला ने कहा कि हरियाणा में हुए पांच नगर निगमों के चुनावों में भाजपा के मेयर जीतेंगे। उन्होंने कहा कि इन चुनावों से कांग्रेस पहले ही भाग चुकी है। इन चुनावों में कांग्रेस के झूठ का कोई कसर नहीं होगा। इस अवसर पर पंचकूला के विधायक ज्ञान चंद गुप्ता, कालका की विधायक लतिका शर्मा, पंचकूला के जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, वरिष्ठ नेता संजय शर्मा, संजय आहूजा, विशाल सेठ, नवीन गर्ग भी उपस्थित थे।