39 आरोपियों को सप्लीमेंट्री चालान की कॉपी सौंपी
पंचकूला दंगा मामला: आरोपी हनीप्रीत वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई पेश
- बाकी के आरोपी प्रत्यक्ष रूप में कोर्ट में हुए पेश
- कोर्ट में 3 नए आरोपियों का सप्लीमेंट्री चालान पेश किया
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। 25 अगस्त को पंचकूला में दंगा भड़काने के मामले की बुधवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट में केस की मुख्य आरोपी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की राजदार हनीप्रीत इंसां जहां वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुई, वहीं अन्य सभी आरोपी प्रत्यक्ष रूप से कोर्ट में पेश हुए। सुनवाई के दौरान 39 आरोपियों को सप्लीमेंट्री चालान की कॉपी दी गई। कोर्ट में तीन नए आरोपियों का सप्लीमेंट्री चालान भी पेश किया। केस की अगली सुनवाई सात जनवरी को होगी।
बचाव पक्ष के वकील सुरेश रोहिला ने बताया कि अगली तारीख पर उन्हें सीडी की कॉपी दी जाएगी। पुलिस ने चालान के साथ दो सीडी लगाई है, जिसकी कॉपी आज तक नहीं दी गई है। कोर्ट ने आदेश दिया है कि सीडी की कॉपी दी जाए। अगली तारीख पर एक आरोपी जोकि हाल ही में गिरफ्तार किया गया था, उसका सप्लीमेंट्री चालान भी पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि हनीप्रीत इंसां के खिलाफ एफआईआर नंबर 345 में आईपीसी की धारा 121, 121-ए, 216, 145, 150, 151, 152, 153 और 120-बी के तहत है अन्य आरोपियों पर केस दर्ज है। साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी करार देने के बाद हनीप्रीत पंचकूला में हिंसा भड़काने और देशद्रोह मामले की आरोपी है।