सुधा की हत्या के बाद कानों से उतार ली थीं बालियां
- सुरेशपाल का बेटे मोहित कोर्ट में पेश, दो दिन के रिमांड पर
- रामकुमार और सुरेशपाल को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा
- राजबाला समेत पांच हत्याओं में आरोपी है मोहित
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। खटौली हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस की ओर से गठित एसआईटी टीम ने सुरेशपाल के बेटे मोहित को गिरफ्तार करने के साथ ही सुलझा ली है। सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच पुलिस ने मंगलवार को मोहित समेत राम कुमार और सुरेशपाल को कोर्ट में पेश किया। मोहित से सुधा के कानों की बालियां और गाड़ी बरामद करने के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि सुरेशपाल और राम कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर कमलजीत सिंह ने बताया कि मोहित मृतक राजबाला के भाई सुरेश पाल का बेटा है और यह राजबाला उसकी बहू सुधा व तीनों बच्चों की हत्या में शामिल है। आरोपी मोहित ने ही तीन बच्चों में से दो को गोली मारी थी। कमलजीत ने बताया कि मर्डर के तीन दिन बाद ही मोहित घर से फरार हो गया था। इसकी तलाश में छापेमारी की जा रही थी। मोहित को उसके पिता सुरेश पाल की निशानदेही पर पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक राजबाला की बहू सुधा एक दिसंबर 2016 को घर से गायब हो गई थी। सुधा के गायब होने के 16 दिन बाद मृतक राजबाला ने बरवाला चौकी में सुधा की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। जबकि एक दिसंबर को ही आरोपी मोहित, लवली और रामकुमार ने सुधा को मार दिया था। आरोपी मोहित ने सुधा को मारने के बाद उसके कानों से सोने की बालियां भी उतार ली थीं। सुधा की हत्या में सुरेश पाल व मृतक राजबाला भी शामिल थी।