नौ महीने में तैयार होगा सेक्टर-19 का रेलवे ओवरब्रिज, डिजाइन फाइनल
- तकनीकी सलाहकार एवं अधीक्षक अभियंता चंडीगढ़ के कार्यालय में निविदा पूर्व बैठक के बाद लिया फैसला
- बैठक में छह ठेकेदारों ने लिया हिस्सा, ऊपरगामी ओवर ब्रिज पर 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे और एक एल शेप का पुल होगा
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। पीडब्ल्यूडी बी एंड आर हरियाणा ने इंडस्ट्रियल एरिया और सेक्टर-19 के बीच बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज का डिजाइन फाइनल कर दिया है। यह आरओबी एल शेप में लेटेस्ट टेक्नोलॉजी से बनाया जाएगा। इंडस्ट्रियल एरिया में एचएसवीपी के सीमेंट स्टोर व फ्लोर मिल के बीच सड़क से शुरू होगा और सेक्टर-19 में बने पार्क पर जाकर खत्म होगा। इसका निर्माण एक साल में पूरा करने का टारगेट रखा गया है। इस संबंध में तकनीकी सलाहकार एवं अधीक्षक अभियंता चंडीगढ़ के कार्यालय में निविदा पूर्व सोमवार को बैठक हुई। इसमें छह ठेकेदारों ने हिस्सा लिया। इस ऊपरगामी ओवर ब्रिज पर 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे और एक एल शेप का पुल होगा, जोकि नगर निगम की जमीन बनाया जाएगा। इस ऊपरगामी पुल का निर्माण एक माह के अंदर शुरू कर दिया जाएगा। पब्लिक यूटिलिटीज शिफ्ट करने के बाद 9 माह में काम पूरा हो जाएगा। हरियाणा सरकार में पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी, मंडी बोर्ड, नगर निगम के कामों के लिए विशाल सेठ को टेक्निकल एडवाइजर नियुक्त किया गया था। विशाल सेठ ने कहा कि मंत्री राव नरबीर सिंह, दो विधायक व पांच अफसर स्टडी के लिए अमेरिका गए थे। इस दौरान टीम ने अमेरिका के सेन फ्रेंसिस्को, लॉस एंजेल्स, ह्यूस्टन, डेलस सिटीज का विजिट किया। टीम ने लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से कम समय में क्वालिटी पुल के निर्माण की ट्रेनिंग ली।