दिवाली पर श्रमिकों को तोहफा..सहायता राशि बढ़ाई
- विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत गैर अंशदाता श्रमिकों की संस्थान में आगजनी, भवन गिरने से मृत्यु होने की स्थिति में 5 लाख रुपये तथा अपंगता की स्थिति में एक लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। श्रमिकों की कार्यस्थल से बाहर मृत्यु होने पर आश्रितों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी गई है। गैर पंजीकृत श्रमिकों की कार्यस्थल पर दुर्घटना से मृत्यु होने पर दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये कर दी गई है। यह जानकारी विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने दी। वह वीरवार को यहां विश्वकर्मा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा दिवस पर हर जिले में कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रदेश के सभी जिलों में अन्त्योदय आहार योजना के तहत रियायती भोजनालय खोले जा रहे हैं और कुछ जिलों में खोले जा चुके हैं। जहां इन भोजनालयों पर पंजीकृत श्रमिकों को रियायती दरों पर दस रुपये में खाना उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों की बेटी की शादी में कन्यादान स्वरूप दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर एक लाख एक हजार रुपये किया गया है। इसके अलावा श्रमिक को बेटे की शादी में दी जाने वाली राशि भी बढ़ाकर 21 हजार रुपये की गई है। अकुशल श्रमिक को 8 हजार 497 रुपये, ए श्रेणी के अकुशल श्रमिक 8922 तथा बी श्रेणी के श्रमिक को 9369 रुपए प्रतिमाह न्यूनतम वेतन दिया जा रहा है। ए श्रेणी कुशल श्रमिक को 9837 रुपये तथा बी श्रेणी कुशल श्रमिक को 10329 रुपये तथा उच्च कुशल श्रमिक को 10845 रुपये प्रतिमाह न्यूनतम वेतन प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा प्रसूति, पेंशन और शिक्षा राशि में भी बढ़ोतरी की गई है।