मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन ने आरयूबी के विरोध में शुरू किया धरना
दुकानों ने एलीवेटेड रेल ट्रैक की मांग की
पिंजौर/कालका। एलीवेटेड रेलवे ट्रैक और आरयूबी निर्माण के विरोध में मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन पिंजौर ने वीरवार को रोष जताते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन और दुकानदार पिंजौर-कालका मार्ग पर रेलवे फाटक पर बनने वाले आरयूबी निर्माण का लगातार विरोध कर रहे हैं।
मार्केट वेलफेयर कमेटी प्रधान आरडी गौतम विपिन शर्मा, वरुण गुप्ता, गौरव वर्मा, अरुण शर्मा, ओमप्रकाश, डाक्टर व्योम अग्रवाल, लक्ष्मीकांत आदि ने बताया कि हमारा विरोध सरकार से नहीं है बल्कि हम आरयूबी निर्माण का विरोध करते हुए एलीवेटेड रेल ट्रैक की मांग कर रहेे हैं। आधुनिक तकनीक के दौर में सरकार के लिए एलीवेटेड रेल ट्रैक का निर्माण करवाना मुुश्किल काम नहीं हैं। अगर रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण नहीं रोका गया तो वे उजड़ जाएंगे।
रोहतक और कुरुक्षेत्र की तरह रेलवे लाइन को ऊपर उठा कर सरकार उन्हें उजड़ने से बचा सकती है। व्यापार एक दम से उजड़ जाने से वे रोड पर आ जाएंगे। आरयूबी के विरोध में उनका धरना प्रदर्शन हर रोज सुबह 11 से रात 8 बजे तक जारी रहा करेगा।