मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव ने जूस पिलाकर तुड़वाया अनशन
- एक्सटेंशन लेक्चरर्स का आमरण अनशन खत्म, लेकिन मांग पूरी होने तक धरना जारी
- अगले हफ्ते प्रधान सचिव व उच्च शिक्षा विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी से मीटिंग हुई तय
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। लंबे संघर्ष के बाद मंगलवार को एक्सटेंशन लेक्चरर की मीटिंग मुख्यमंत्री के ओएसडी भूपेश्वर दयाल से हुई। जिसके लिए लेक्चरर का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचा। प्रधान ईश्वर के अनुसार मीटिंग के दौरान ओएसडी ने अगले हफ्ते हमारी मीटिंग प्रधान सचिव राजेश खुल्लर व उच्च शिक्षा विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी ज्योति अरोड़ा के साथ तय करवाई। जो सकारात्मक रहने की उम्मीद है। लेकिन अगर मीटिंग नहीं होती है तो लेक्चररों की राज्य कार्यकारिणी आगे की रणनीति तैयार कर फिर से अनशन, प्रदर्शन जारी करेंगी। फिलहाल अनशन खत्म किया गया हैं लेकिन धरना जारी रहेगा। मीटिंग के लिए गए प्रतिनिधिमंडल में करनाल से रेखा तंवर, जींद से सुनील शर्मा, रेवाड़ी से सुनीता, झज्जर से सुरजीत राठी, महेंद्रगढ़ से डॉ. अशोक, पंचकूला से शैली, हिसार से जगदीश दुहन, भुरानिया से सुरेंद्र और जींद से विनोद सोनी शामिल रहे।
15वें दिन समाप्त हुआ आमरण अनशन
ओएसडी के आश्वासन पर 15 दिनों से चल रहे एक्सटेंशन लेक्चरर का आमरण अनशन मंगलवार को खत्म हुआ। सीएम हाउस से प्रतिनिधि राजनीतिक सचिव दीपक मंगल ने धरना स्थल पर पहुंचकर शाम सात बजे जूस पिलाकर प्रधान ईश्वर सिंह, सरोज दहिया, कल्याण सिंह, राजेन्द्र सिंह, शेर सिंह व वेद का आमरण अनशन खत्म करवाया।