16 से 31 अक्तूबर तक लगेगा बैडमिंटन कोचिंग कैंप
- मारखम कैनेडा में आयोजित होगी विश्व जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। मारखम कैनेडा में पांच से आठ नवंबर तक आयोजित होने वाली विश्व जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारी के लिए हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से 16 से 31 अक्टूबर तक कोचिंग कैंप आयोजित किए गए। पंचकूला उपायुक्त व जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रधान मुकुल कुमार ने सेक्टर-पांच स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोचिंग कैंप पंचकूला सेक्टर-तीन स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में बैडमिंटन हाल में करवाई जाएगी। मुकुल ने बताया कि हाल ही में हुई यूथ ओलंपिक और जूनियर चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता लक्ष्य सेन सहित विश्व रिकार्ड वैष्णव रेड्डी जेक्का, पूर्वा भरवे, जूनियर डबल्स में विश्व रिकार्ड धारक ध्रुव कपिला व कृष्ण प्रसाद भी इस कैंप में भाग लेंगे। इसके अलावा लड़कों व लड़कियों के सिंगल्स में इंडियन जूनियर टीम की चार-चार, लड़काें व लड़कियों के डबल्स में तीन-तीन तथा मिक्स डबल्स में चार एंट्री प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि इसके साथ कुल 24 बैडमिंटन एथलीट और 10 स्पोर्ट्स स्टाफ इस कैंप में भाग लेंगे। डीएसओ ज्योति रानी, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के उप प्रधान मुकेश गोयल, पीपीवर्मा, तकनीकी सलाहकार देवेंद्र राणा, सचिव डीपी सिंघल, खजांची मनीष दत्त भी उपस्थित रहे।