मां के दीदार को भक्तों की लंबी कतार, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
नवरात्र के दूसरे दिन मां मनसा देवी के दरबार में पंजाब हरियाणा के मुख्य न्यायाधीश कृष्ण मुरारी समेत कई नेताओं ने भरी हाजिरी
शिक्षा और राज्य मंत्री हुए मां के समक्ष नतमस्तक
शिक्षा मंदिर ने 11 हजार रुपये देने की घोषणा की
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। ‘मां के दीदार को लगी भक्तों को कतार, जयकारे और घड़ियाल से गूंजता मंदिर परिसर। ये अद्भुत नजारा वीरवार को श्री माता मनसा देवी मंदिर में नवरात्र के दूसरे दिन देखने को मिला। मां के दरबार में पंजाब हरियाणा के मुख्य न्यायाधीश कृष्ण मुरारी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने माथा टेक मनोकामना पूर्ति की कामना की। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश कृष्ण मुरारी ने मंदिर परिसर में पूजा अर्चना की और घट पूजा एवं यज्ञशाला में आयोजित हवन में भाग लेकर प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनकी
धर्मपत्नी रुपम भी मौजूद थीं। उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ यज्ञशाला में आहुति दी। उनके साथ उपायुक्त मुकुल कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त जगदीप ढांडा, एसडीएम पंकज सेतिया, नगराधीश ममता शर्मा, डीसीपी ओमप्रकाश, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसपी अरोड़ा, मुख्य न्यायाधीश के प्रिंसिपल सचिव वीरेंद्र कालिया, प्रोटोकॉल अधिकारी मंजीत सिंह, राजबीर सिंह, पूजा स्थल बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति, बोर्ड के गैर सरकारी सदस्य संदीप गुप्ता, भूषण गर्ग, सीताराम आहूजा सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
राम बिलास शर्मा ने किए दर्शन
हरियाणा के शिक्षामंत्री राम बिलास शर्मा ने माता के दर्शन कर पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं में माता मनसा देवी के प्रति काफी श्रद्धा है और देश के कोने कोने से लोग माता के दर्शनों को यहां आते हैं। इसके उपरांत शिक्षा मंत्री ने पटियाला मंदिर में जाकर माथा टेका। उन्होंने मंदिर परिसर में सफाई कर्मचारियों व अन्य गरीब कन्याओं को दान स्वरूप राशि भी वितरित की। तदोपरांत शिक्षा मंत्री मंदिर परिसर में स्थित भंडारे में गए और वहां पर उन्होंने 11 हजार रुपये की राशि भी दान स्वरूप भेंट की। इस अवसर पर उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकुल कुमार, बोर्ड के कार्यकारी अधिकारी एसपी अरोड़ा, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक शर्मा, महामंत्री हरेन्द्र मलिक, बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति, जिला शिक्षा अधिकारी एचएस सैनी सहित बोर्ड व प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित थे।
राज्य मंत्री ने भरी हाजिरी
हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के राज्यमंत्री डॉ बनवारी लाल ने दूसरे नवरात्र के शुभ अवसर पर अपने परिवार के साथ माता मनसा देवी मंदिर पहुंच कर माता के चरणों में शीश नवाया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने यह भी बताया कि बोर्ड द्वारा 11 से 17 अक्तूबर तक शाम सुप्रसिद्ध व टीवी कलाकार प्रस्तुति देंगे। इस मौके पर जिला जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता शिवराज सिह, श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के सचिव शारदा प्रजापति सहित बोर्ड के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।