धान सुखाकर अनाज मंडी लाएं किसान: उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। जिला की तीनों अनाज मंडियों में धान की आवक शुरू हो चुकी है। धान की खरीद में सबसे अधिक धान सूखा नहीं होने की शिकायत आ रही है। इसे लेकर उपायुक्त ने किसानों से अपील की है कि वह धान सुखाकर मंडी में बेचने लाए। इसका वाजिब दाम सरकार की ओर से निर्धारित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक 3214 मिट्रिक टन धान की आवक की जा चुकी है। उपायुक्त मुकुल कुमार ने बताया कि बरवाला अनाज मंडी में 1977 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई, जिसे सरकारी एजेंसी हरियाणा वेयर हाउंसिग कारपोरेशन द्वारा खरीदा गया। इसी प्रकार रायपुरा रानी अनाज मंडी में 640 मीट्रिक टन तथा पंचकूला अनाज मंडी में 597 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। इन मंडियों में हैफेड की ओर से किसानों का धान सरकारी मूल्य 1770 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है।