सुंदर झांकियों के साथ माता मनसा देवी की आज निकलेगी शोभायात्रा
पटियाला मंदिर से होगा शुभारंभ, विभिन्न मार्केट एसोसिएशन का लिया जाएगा सहयोग
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की ओर से नवरात्र मेले के उपलक्ष्य में मंगलवार को शोभायात्रा निकाली जाएगी। बोर्ड की ओर से 10 से 18 अक्तूबर तक चलने वाले नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए गए हैं। इससे श्रद्धालुओं को माता के दर्शन करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस संबंध में माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसपी अरोड़ा ने बताया कि बोर्ड की ओर से नवरात्र मेले के उपलक्ष्य में दो अक्तूबर को दोपहर बाद एक बजे मंदिर परिसर स्थित पटियाला मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। शोभायात्रा में विभिन्न सेक्टरों के मंदिर और मार्केट एसोसिएशन का सहयोग लिया जाएगा। इसमें उनकी ओर से तैयार झांकियों को शोभायात्रा में शामिल किया जाएगा। अरोड़ा ने बताया कि यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों से होती हुई शाम सात बजे माता मनसा देवी मंदिर परिसर में वापस पहुंचेगी। शोभायात्रा सिंह द्वार से होते हुए सेक्टर-7, 8 मार्केट से होते हुए सेक्टर-9 मंदिर व मार्केट, सेक्टर-10 मंदिर, 11, 5, 4, 2, 6 से होते हुए श्रीमाता मंदिर पहुंचेगी।