पत्रकार रामचंद्र छत्रपति और रंजीत मर्डर केस में हुई सुनवाई
- सीबीआई कोर्ट में जांच अधिकारी एमके नारायणन की हुई गवाही
- अब मामले की छह अक्तूबर को होगी सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। साध्वी यौन शोषण मामले में सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर चल रहे पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या और रंजीत मर्डर मामले में मंगलवार को पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान आरोपी राम रहीम वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुआ। वहीं अन्य आरोपी प्रत्यक्ष रूप से कोर्ट में पेश हुए।
रंजीत मर्डर मामले में मंगलवार को सीबीआई के पूर्व डीआईजी व जांच अधिकारी एमके नारायणन के बयान दर्ज हुए। सोमवार को पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति हत्या मामले में भी एमके नारायणन के बयान दर्ज हुए थे। दोनों मामलों में अगली सुनवाई अब छह अक्टूबर को होगी और अगली सुनवाई के दौरान अन्य गवाहों की गवाही होगी। जानकारी में मुताबिक बचाव पक्ष ने एमके नारायण की सीबीआई कोर्ट में गवाही करवाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने गवाही करवाने पर सहमति जताई थी। दोनों मामलों में पूर्व डीआईजी और जांच अधिकारी एमके नारायणन के बयान पूरे हो चुके हैं।