- घरेलू कलह और मानसिक परेशानी के चलते उठाया कदम
- सेक्टर-20 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। घरेलू कलह और मानसिक परेशानी के चलते 60 वर्षीय महिला ने छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। मृतक महिला की पहचान बीना पत्नी रघुबीर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाना पुलिस समेत फोरेंसिक टीम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को महिला के पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मानसिक परेशानी के चलते महिला ने कदम उठाया है। हालांकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में पहुंचा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-20 के सोसायटी नंबर-106 में उस समय हड़कंप मच गया जब बिल्डिंग के नीचे महिला का शव पड़ा मिला। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम के अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि महिला सोसायटी के फ्लैट नंबर 108 में अकेली ही रहती है। उसके दोनों बेटे अलग रहते हैं। एक बेटा सिंहापुर में है तो दूसरा गुड़गांव में रहता है। इसी के चलते वह मानसिक रूप से परेशान थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला का इलाज भी चल रहा था। इसके अलावा वह शुगर और बीपी की बीमारी से भी पीड़ित थी। उन्होंने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया गया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।