आठ को लगेगी लोक अदालत, चार अलग- अलग न्यायाधीश सुनेंगे समस्याएं
पंचकूला। आठ सितंबर को न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत लगेगी। इसमें सभी तरह के विवादों का निपटारा किया जाएगा। उक्त न्यायिक दंडाधिकारी एवं प्राधिकरण के सचिव वीर गोयल के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत पर चार न्यायाधीशों की अलग-अलग कांप्लेक्स में लोक अदालतें लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सूरो की लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मोटर वाहन दुर्घटना से संबंधित विवादों का निपटारा करने के साथ साथ आपराधिक और सिविल विवाद सुने जाएंगे।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रोहित वत्स की लोक अदालत में यातायात संबंधी विवादों के साथ सिविल और आपराधिक मुकदमों की सुनवाई होगी। सिविल जज जूनियर डिविजन तरूण कुमार वर्मा की अदालत में सामान्य चालान से संबंधित विवादों की सुनवाई की जाएगी। इसी प्रकार चौथी बेंच में चेयरमैन सीएल कोचर की अध्यक्षता में सभी तरह के टेलीफोन, बैंकिंग, बिजली व पानी बिलों से संबंधित विवाद निपटाए जाएंगे। इन लोक अदालतों के लिए पैनल अधिवक्ता ईश्वर दत्त शर्मा, जोगिंद्र सिंह, प्रदीप गुप्ता तथा भूषण भाटिया को सदस्य मनोनीत किया गया है। न्यायिक दंडाधिकारी ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे लोक अदालत के माध्यम से अपने विवादों की सुनवाई करवाने के लिए ज्यादा से ज्यादा विवाद लेकर आएं।