तेज बचाव में बहा आठवीं का छात्र, तलाश के लिए पहुंची एनडीआरएफ की टीम
पंचकूला। तेज बारिश के कारण पुल के नीचे पानी के तेज बहाव में 14 वर्षीय छात्र रंजीत बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई, लेकिन घटना के करीब 10 घंटे बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
दोपहर करीब 11 बजे सकेतड़ी निवासी आठवीं का छात्र रंजीत मंदिर में माथा टेकने की बात कहकर गया। पुल के पास पहले से मौजूद दोस्तों से बातचीत करने के बाद रंजीत पानी में नहाने के लिए उतर गया। लेकिन पानी में उतरते ही तेज बहाव की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई, लेकिन हालात को देखते हुए एनडीआरएफ की भी मदद ली गई। रंजीत के पिता राजेन्द्र ने बताया कि उनका बेटा मंदिर में माथा टेकने की बात कहकर घर से निकला था। आठवीं कक्षा के छात्र को नहीं मालूम था कि नदी में उतरना खतरे से खाली नहीं है।