एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने फूंका सीएम और शिक्षा मंत्री का पुतला
- सीएम आवास का घेराव के लिए निकले तो पुलिस वाटर कैनन से हाउसिंग बोर्ड चौक पर रोका
- पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी किया संबोधित
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। भाजपा सरकार से घोषणा पत्र का जवाब व वायदों का हिसाब लेने के लिए एनएसयूआई, हरियाणा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शनिवार दोपहर सीएम आवास के घेराव के लिए कूच किया। सेक्टर 8/17/18/7 के चौक से आगे बढ़ते ही सीमा पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पहले से बैरिकेटिंग कर दी गई थी। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस ने उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल कर रोका।
एनएसयूआई हरियाणा के प्रदेश सचिव व मीडिया प्रभारी दीपांशु बंसल ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा की अगुवाई में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान सहित झज्जर से विधायक व पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल, यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन कुंडू, एनएसयूआई हरियाणा के प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव बिट्ठल शर्मा ने भी छात्रों को संबोधित किया। एनएसयूआई हरियाणा के जवाब दो-हिसाब दो के तहत सीएम आवास का घेराव करने के लिए इस कूच में सैकड़ों युवा और छात्र शामिल हुए।
सरकार पर युवाओं के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए युवा कार्यकर्ताओं और छात्रों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के पुतलों की शव यात्रा निकाली और इसे फूंककर रोष जताया। दीपंाशु ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने 2014 के चुनावों के समय छात्रों व युवाओं को आश्वस्त किया था कि छात्रों के लोकतांत्रिक हितों को सुरक्षित करने के लिए प्रदेश में छात्र संघ चुनाव होंगेे, लेकिन इस दिशा में माकूल कोई पहल नहीं की गई। इस मौके पर एनएसयूआई के प्रदेश सचिव व मीडिया प्रभारी दीपांशु बंसल, प्रदेश महासचिव साहिल शर्मा, प्रदेश सचिव कृष्ण अत्रि, जग्गा खेरा अम्बाला, एनएसयूआई पंजाब अध्यक्ष अक्षय शर्मा, एनएसयूआई चंडीगढ़ के अध्यक्ष गुरजोत संधू, अमन पन्नू, ईशान शर्मा, अभिमन्यु भाटी, कवींद्र सिंह, महेश शर्मा, आशीष लांबा, हार्दिक नैन, राहुल खटक सहित एनएसयूआई के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।