ओपेरा मिस एंड मिसेज इंडिया ग्लोबल के लिए हुआ ऑडिशन
- सेक्टर-10 में मिस एंड मिसेज ओपेरा ग्लोबल का ऑडिशंस में मदर्स ने दिखाया जलवा
- 50 से अधिक पंजाबी गानों में एक्टिंग कर चुके परम सैनी ने निभाई निर्णायक की भूमिका
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-10 स्थित होटल शिराज में रविवार को मिस एंड मिसेज ओपेरा ग्लोबल का ऑडिशन हुआ। इस इवेंट में ऑडिशन देने आई मदर्स ने मॉडलिंग के क्षेत्र से जुड़ी जजों के सवालों का जवाब बेबाकी से दिया। यह प्रतियोगिता शादी के बाद महिलाओं के कैरियर एंड पैशन को आगे बढ़ाने के लिए इंटरनेशनल स्तर पर करवाई जा रही है। ऑडिशन के जज पंजाबी अभिनेता परम सैनी, अनुज कुलश्रेष्ठा, आशु पंवार, आशीष अरोड़ा, दिव्या मेहता रहे। 50 से अधिक पंजाबी गानों में एक्टिंग कर चुके और ‘चिट्टे सूट दे दाग पै गए’ से प्रसिद्ध हुए मॉडल यार अनमुल्ले टू के हीरो परम सैनी ने मदर्स को जज करते हुए उनसे सवाल पूछे कि आखिर अब वह क्यों मॉडलिंग की ओर बढ़ रही हैं। परम सैनी ने बताया कि जल्द ही कुछ और पंजाबी फिल्मों में दिखाई देंगे। वे कई शो में भी जज रह चुके हैं। इसके अलावा आस्ट्रेलिया में होने वाले शो को भी जज करेंगे। इनमें से जो भी विजेता रहेगी उसे वह फिल्मों में काम दिलवाने की कोशिश करेंगे। ऑडिशन में रैंपवॉक, टैलेंट राउंड के जरिये फिनाले के लिए प्रतिभागी चुने गए। ओपेरा मिस एंड मिसेज इंडिया ग्लोबल के ऑडिशन की शुरुआत आगरा से हुई, इसके बाद ग्वालियर, नोएडा में भी ऑडिशन हुए। वहीं, जयपुर, भोपाल, देहरादून में भी ऑडिशन होंगे। इसका ग्रेंड फिनाले 22 सितंबर को दिल्ली में होगा। प्रतियोगिता को ऑस्ट्रेलिया के अनुज कुलश्रेष्ठा और पूनम गौर के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा। प्रतियोगिता के इवेंट मैनेजर आशीष अरोड़ा ने बताया इस प्रतियोगिता में बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया, बॉलीवुड संगीतकार संदीप नाथ, फिल्म निर्माता राकेश उपाध्याय, ऑस्ट्रेलिया की गीतकार स्वेच्छा कुलश्रेष्ठ एवं साउथ इंडियन मॉडल अनन्या सोनी निर्णायक मंडल में होंगे। ग्रैंड फिनाले के लिए देशभर से कुल 60 प्रतिभागियों को चुना जाएगा और प्रतियोगिता के विजेता को ऑस्ट्रेलिया की मुफ्त यात्रा के साथ-साथ वहां होने वाली सौंदर्य प्रतियोगिता में जज बनने का मौका दिया जाएगा।