‘मेरे खिलाफ रची गई थी राजनीतिक साजिश’
- धर्म परिवर्तन पर बोले चंद्रमोहन, धर्म पर खुली बहस की दी भाजपा नेताओं को चुनौती
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने फिजा प्रकरण को एक राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है। चंद्रमोहन ने कहा कि ‘उस वक्त मेरे खिलाफ ऐसे हालात पैदा किए गए थे कि मुझे कुछ फैसले लेने पड़े। धर्म परिवर्तन के बाद अगर मैं शादी न करता तो या तो मुझे खुदकुशी करनी पड़ती या रेप के मामले में अंदर होता। मैंने फिजा से शादी कर खुद का और अपने परिवार का नुकसान किया है।’ पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में ये बातें कही। पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता पर पलटवार करते हुए चंद्रमोहन ने कहा कि ऐसे लोगों को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। गौरतलब है कि पंचकूला विधायक ने चंद्रमोहन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जो हिंदू धर्म छोड़कर चांद मोहम्मद बन गए और निकाह किया, ऐसे लोग अगर मंदिरों के बारे में बात करें तो शोभा नहीं देती।
वहीं, दूसरी ओर ज्ञानचंद गुप्ता की ओर से दी गई प्रतिक्रिया पर चंद्रमोहन भड़क गए और उन्होंने तमाम भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि हिंदू धर्म पर मुझसे कभी भी बहस कर लें। उन्होंने सीएम और पंचकूला विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर अभी चुनाव हो जाएं तो उन्हें अपनी असलियत का अहसास हो जाएगा।
क्या है मामला
एक दिन पहले गांव रैली स्थित शिव मंदिर को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का अमला तोड़ने पहुंचा था, इस दौरान चंद्रमोहन, ज्ञानचंद गुप्ता सहित अन्य राजनैतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। चंद्रमोहन ने इस मामले में विधायक पर आरोप लगाया था कि इस मंदिर को तुड़वाकर अपने बेटे के नाम पर ट्रस्ट के लिए जमीन अलॉट करवाना चाहते हैं।