कंप्यूटर इंजीनियर बनने की है ख्वाहिश: प्रणव
- पंचकूला के प्रणव ने जेईई मेन में देशभर में चौथा स्थान हासिल किया
- प्रणव गोयल ने 360 में से 350 अंक किए हासिल
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
सीबीएसई की ओर से आयोजित ज्वाइंट एंट्रेस एग्जामिनेशन (जेईई) मेन में देशभर में चौथा स्थान हासिल करने वाले पंचकूला के सेक्टर-15 स्थित भवन विद्यालय के स्टूडेंट प्रणव गोयल का स्वागत किया गया। मेन के बाद जेईई एडवांस क्रैक करने के बाद प्रणव की ख्वाहिश आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर, इसी क्षेत्र में आगे कैरियर बनाएंगे।
प्रणव गोयल ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों के साथ-साथ स्कूल को देते हुए कहा कि स्कूल की ओर से पढ़ाई के लिए विशेष फोकस स्टूडेंट्स पर दिया जाता है, जिससे वह सफल हुए। प्रणव गोयल ने 360 में से 350 अंक हासिल किए हैं। 17 वर्षीय प्रणव ने भवन विद्यालय पंचकूला से बारहवीं की है। जेईई मेन्स में बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए अब प्रणव की निगाहें जेईई एडवांस की तरफ हैं। इसके लिए रोजाना 4-5 घंटे की पढ़ाई करते रहे, लेकिन एडवांस के लिए पढ़ाई में और अधिक वक्त देंगे। प्रणव के पिता पंकज गोयल एक बिजनेसमैन हैं और फार्मास्युटिकल कंपनी चलाते हैं। मां ममता गोयल भी बिजनेस में उनका साथ निभाती हैं। इस मौके पर स्कूल के सचिव कुलभूषण गोयल और प्रिंसिपल गुलशन कौर मौजूद रहे।