जिले में अलग-अलग जगहों पर स्कूली वैन हुई हादसे का शिकार
- इंडस्ट्रियल एरिया फेज-दो में पेड़ से टकराई स्कूली वैन, छात्र सुरक्षित
- पिंजौर में स्कूली वैन के ऊपर गिरा पेड़, पैदल जा रहा 12वीं का छात्र चपेट में आया
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर-पंचकूला।
शुक्र है कि शुक्रवार के दिन जिले में अलग-अलग दो जगहों पर स्कूली वैन के साथ हुई दुर्घटनाओं में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पहला मामला पिंजौर-बद्दी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव नानकपुर के लिंक रोड पर देखने को मिला। जब तेज हवाओं के चलने से एक भारी भरकम पेड़ स्कूली वैन के ऊपर गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में स्कूली वैन तो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चालक के साथ वैन में सवार दो बच्चों को मामूली चोट ही लगी। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं दूसरी तरफ पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-दो में भी एक स्कूली वैन पेड़ से टकराई है। जिसमें किसी भी छात्र को चोट नहीं आई।
पहली घटना पिंजौर में शुक्रवार दोपहर ढाई बजे की है। एचएमटी स्थित सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल की छुट्टी होने के बाद वैन चालक पिंजौर-नालागढ़ रोड पर बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए गया हुआ था। वैन चालक नानकपुर गांव के बच्चों को छोड़कर वापिस आ रहा था उस दौरान वैन में केवल दो बच्चे, चालक और अटेडेंट सवार थे। जैसे ही वैन चालक नानकपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के समीप पहुंचा तो अचानक तेज हवा के चलने से एक पेड़ वैन के ऊपर गिर गया। घटना में वैन चालक के कंधे और वैन में सवार एक छात्र को मामूली चोटें आईं। लेकिन इस दौरान पैदल जा रहा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं का छात्र अर्जुन पेड़ की चपेट में आकर घायल हो गया। जहां से उसे पीएचसी पिंजौर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालात देखते हुए उसे पंचकूला सेक्टर-छह के अस्पताल में भेज दिया, जहां वह उपचाराधीन है। अर्जुन के परिजनों ने बताया कि पेड़ की चपेट में आ कर उसकी टांग में फ्रेक्चर आ गया है।
वहीं, विवेकानंद मिलेनियम स्कूल के प्राचार्य पीयूष पुंज ने बताया कि सभी छात्र बिल्कुल ठीक हैं। मामूली रूप से घायल एक छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
दूसरी घटना में एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में इंडस्ट्रियल एरिया फेस-दो में स्कूल वैन पेड़ से जा टकराई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अभिभावक और पुलिस कर्मी भी पहुंच गए। लेकिन इस घटना में किसी बच्चे को चोट नहीं आई और न ही किसी ने पुलिस को शिकायत दी।