समझौता ब्लास्ट मामले में दो गवाहों के दर्ज हुए बयान
- मुख्य आरोपी असीमानंद और कमल चौहान हुए कोर्ट में पेश
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। पानीपत के बहुचर्चित समझौता ब्लास्ट मामले में शुक्रवार को पंचकूला स्थित एनआईए की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान दो गवाहों के बयान दर्ज किए गए। एक्सप्लोसिव एक्सपर्ट एके दलेला और जांच अधिकारी केएस ठाकुर ने घटना में इस्तेमाल विस्फोटक और जांच में सामने आए तथ्य पेश किए। इस मामले में मुख्य आरोपी असीमानंद और कमल चौहान कोर्ट में पेश हुए जबकि अन्य आरोपी पेश नहीं हो सके। इस मामले की अगली सुनवाई 21 अप्रैल को होगी। फिलहाल इस मामले में भारतीय गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं जबकि अगस्त में होने वाली सुनवाई के लिए 12 पाकिस्तानी गवाहों को समन किया जा चुका है। असीमानंद के वकील मनवीर राठी ने बताया कि फिलहाल गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके बाद पाकिस्तान के गवाहों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे।