आर्थिक रूप से कमजोर कन्या की शादी में टेंट डीलर भी देते हैं सहयोग: राज्यमंत्री
- हरियाणा टेंट डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने मनाया 25वां स्थापना दिवस
- राज्यमंत्री ने की एसोसिएशन को दो लाख 51 हजार रुपये देने की घोषणा
- कार्यक्रम में 10 राज्यों और प्रदेश के 17 जिलों की टेंट एसोसिएशन मौजूद रही
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर।
कालका-पिंजौर टेंट डीलर एसोसिएशन के सौजन्य से हरियाणा टेंट डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर पिंजौर में रजत जयंती महोत्सव का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के 17 जिलों और 10 राज्यों की टेंट एसोसिएशन मौजूद रहीं। रजत जयंती महोत्सव व वार्षिक अधिवेशन में हरियाणा के श्रम एवं रोजगार मंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कालका विधायक लतिका शर्मा, पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता भी कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे।
राज्यमंत्री ने टेंट डीलर्स के चुनौतीपूर्ण काम को पूरी लगन से करने के लिए एसोसिएशन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के व्यक्ति को अपने छोटे-बड़े कार्यक्रम या समारोह में भी टेंट की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंनेे कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लड़की के विवाह व अन्य कार्यक्रमों के दौरान मानवता के नाते टेंट डीलरों द्वारा सहयोग करने की भूमिका को भी पूरा करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने एसोसिएशन को दो लाख 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। साथ ही एसोसिएशन की मांगों पर उन्होंने कहा कि उनकी मांगों को वे स्वयं मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे और भरोसा दिलाया कि उचित मांगों को मुख्यमंत्री से पूर्ण करवाने के हरसंभव प्रयास भी करेंगे। मौके पर एसोसिएशन के चेयरमैन नरेश भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्ष अनिल राव, महासचिव दिलबाग सैनी, निगम के सीनियर डिप्टी मेयर एसएस नंदा, पार्षद सलीम, सितेन्द्र टोनी, कृष्ण लाल लांबा, मनजीत, मनोहर लाल गुलाटी, देव कुमार, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, शिव चरण अनिल धीमान आदि मौजूद रहे।