कंबोपुरा सरपंच खुदकुशी मामले में अगली सुनवाई 13 अप्रैल को
- सीबीआई कोर्ट में पूर्व सरपंच के पुत्र का बयान दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
बहुचर्चित कंबोपुरा सरपंच खुदखुशी मामले में शुक्रवार को हरियाणा की विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सरपंच कर्म सिंह के पुत्र राजेन्द्र के बयान दर्ज किए गए, जबकि इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 13 अप्रैल की तारीख तय की गई है। इस मामले में प्रदेश के पूर्व परिवहन मंत्री ओपी जैन, पूर्व मुख्य संसदीप सचिव जिले राम शर्मा और पूर्व पीए राजिंद्र शर्मा पर सरपंच को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
गौरतलब है कि सात जून 2011 को कंबोपुरा के सरपंच कर्म सिंह करनाल के असंध से विधायक व मुख्य संसदीय सचिव जिले राम शर्मा के घर से अपने पैसे लेने गए थे। इसके बाद उनका शव करनाल एनडीआरआई के सामने बरामद हुआ था। सरपंच के परिजनों ने तत्कालीन परिवहन मंत्री ओपी जैन, सीपीएस जिलेराम शर्मा पर हत्या के आरोप लगाए थे। आरोपों में कहा गया था कि इन नेताओं ने कर्म सिंह के परिवार के सदस्यों को नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों रुपये लिए थे। लेकिन इस राशि को नहीं लौटाया, जिससे सरपंच को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसी सिलसिले में वह पूर्व सीपीएएस के घर भी पहुंचे। घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दी, जिस पर छानबीन शुरू हुई थी। इस मामले में सीबीआई ने जांच की थी, जिसके बाद दो आरोपियों को करीब 11 महीने तक जेल में बंद रखने के बाद दोनों को जमानत मिल गई थी।