फोटो समाचार
कोर्ट में गवाही के लिए पहुंचे एएसआई को आया हार्ट अटैक, मौत
- मूलरूप से हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के निवासी थे बाबूराम
- 49 वर्षीय एएसआई बाबूराम कालका में सीआईए के इंचार्ज के तौर पर थे तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
एक मामले में गवाही के लिए पहुंचे सीआईए कालका के इंचार्ज एएसआई बाबूराम की हार्ट अटैक की वजह से मौत हो गई। सुबह के वक्त अदालत में गवाही के लिए पेश होने पहुंचे। इसी दौरान उन्हें बेचैनी महसूस हुई, जिसे माइनर अटैक समझते हुए उनके साथ मौजूद मुलाजिमों ने तत्काल सेक्टर-छह के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां कुछ देर तक डॉक्टरों ने इलाज भी किया, लेकिन उन्हें बचा नहीं सके। पिछले करीब पांच महीने से वह कालका में तैनात थे।
मूलरूप से हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर निवासी बाबूराम के पिता मुंशीराम भी हरियाणा पुलिस में ही तैनात थे। 49 वर्षीय बाबूराम रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। सुबह के वक्त कोर्ट में एक मामले में गवाही के लिए पेश होने पहुंचे। इसी दौरान उनके सीने में दर्द हुआ और बेचैनी महसूस हुई। इस मामले की जानकारी मिलते ही साथ मौजूद मुलाजिम ने बाबूराम को सेक्टर-छह के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। माइनर हार्ट अटैक के बाद डॉक्टरों ने इसका इलाज भी शुरू कर दिया। लेकिन, एएसआई को बचा नहीं सके और मौत हो गई।
मृतक एएसआई के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जहां से उनका शव हमीरपुर के सलोनी के पास ज्वालाजी रोड पर कुढार ले जाया जाएगा। बाबूराम के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 19 और 15 वर्ष है। एएसआई की मौत पर पुलिस अधिकारियों ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बाबूराम अपनी जिम्मेवारियों के प्रति काफी सजग थे।