सेक्टर-1 कॉलेज में डिविजनल मेगा जॉब फेस्ट सात को
- अलग-अलग क्षेत्रों की 30 से ज्यादा कंपनियां ले रही भाग
- उद्योग मंत्री विपुल गोयल होंगे मुख्य अतिथि
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-एक में आगामी सात मार्च को अंबाला डिवीजन का मेगा जॉब फेस्ट आयोजित किया जा रहा है, जिस के मुख्य अतिथि राज्य के उद्योग, वाणिज्य एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री विपुल गोयल होंगे। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना मिश्रा ने बताया कि अंबाला मंडल के सभी सरकारी महाविद्यालयों के लिए यह मेगा जॉब फेस्ट आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों की 30 से ज्यादा कंपनियां भाग ले रही हैं। इसमें टेलीकॉम, बैंकिंग, फाइनेंस, मीडिया, हॉस्पिटेलिटी आदि क्षेत्रों की कंपनी विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को मौके पर ही जॉब ऑफर करेंगे। इस दूसरे डिविजनल मेगा जॉब फेस्ट में विभिन्न कॉलेज के करीब 1000 पात्र विद्यार्थियों के भाग लेने की संभावना है।
यह जॉब फेस्ट महाविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाला दूसरा मंडल स्तरीय प्लेसमेंट कैंपस ड्राइव है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि महाविद्यालय में 23 फरवरी से कैरियर गाइडेंस व रोजगार जागरूकता पखवाड़ा मनाया जा रहा है जिसकी अंतिम कड़ी में जॉब फेस्ट लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि अंबाला डिवीजन के विभिन्न सरकारी महाविद्यालयों में 7 स्थानों पर विद्यार्थियों के लिए कैरियर जागरूकता एवं रोजगार जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं । इन प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्नातक स्तर के अंतिम वर्ष व स्नातकोत्तर के दोनों वर्षों के विद्यार्थियों को लक्षित किया गया है। उन्हें उनके महाविद्यालय परिसरों में ही साक्षात्कार कैसे दें, आत्मविश्वास कैसे बढ़ाएं, तनाव प्रबंधन आदि विभिन्न विषयों पर ट्रेनिंग दी गई है, ताकि वे विभिन्न कंपनियों में आत्मविश्वास के साथ साक्षात्कार देकर सफल अभ्यर्थियों की सूची में अपना स्थान बना सकें। फाइनल ईयर और पीजी के विद्यार्थियों को यह भी बताया गया है कि अपना बायोडाटा बनाकर कैसे उसका प्रस्तुतिकरण करें। जॉब फेयर इंचार्ज डॉ. चित्र तंवर व डॉ. यशपाल सिंह हैं जो इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पिछले कई महीनों से अथक प्रयास कर रहे हैं।