कल से शुरू होगी ‘प्रणाम शहीदां नूं’ श्रद्धांजलि साइकिल यात्रा
- ‘नशा मुक्त’ और ‘स्वच्छ भारत अभियान’ पर कर चुके हैं साइकिल यात्रा
- तीसरी साइकिल यात्रा हुसैनीवाला बॉर्डर, फिरोजपुर-पंजाब तक की होगी
अमर उजाला ब्यूरो
कालका।
काली माता मंदिर से हुसैनीवाला बार्डर ‘प्रणाम शहीदां नूं ’ श्रद्धांजलि साइकिल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। मशहूर साइक्लिस्ट अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि यह उनकी तीसरी साइकिल यात्रा है। उन्होंने बताया कि अपनी पहली ‘नशा मुक्त’ साइकिल यात्रा 31 अगस्त 2014 को काली माता मंदिर कालका से बाघा बॉर्डर तक और दूसरी ‘स्वच्छ भारत अभियान’ साइकिल यात्रा 28 सितंबर 2016 से दो अक्तूबर 2016 तक काली माता मंदिर कालका से विजय चौक, नई दिल्ली तक पूरी करने के बाद में अपनी तीसरी साइकिल यात्रा ‘प्रणाम शहीदा नूं’ श्री काली माता मंदिर कालका से हुसैनीवाला बॉर्डर, फिरोजपुर-पंजाब में शहीदे आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव जी को उनके शहीदी दिवस 23 मार्च 2018 पर उन्हें व देश की सुरक्षा में शहीद हुए सभी सभी शहीदों के लिए होगी। जिसे रविवार को कालका विधायक लतिका शर्मा हरी झंडी दिखा रवाना करेंगी।
साइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य:
अशोक कुमार शर्मा का कहना है कि उनकी इस साइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य उन सभी शहीदों को श्रद्धांजलि देना है जिन्होंने इस देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद करवाने के लिए अपनी जान की परवाह ना करते हुए अपने सीने पर गोलियां खाई और हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूल गए। उन्होंने बताया कि साइकिल यात्रा का उद्देश्य देश के लोगों को शहीदों के प्रति जागरूक भी करना भी है। उन्होंने देश के नौजवानों को संदेश देते हुए कहा कि हमें देश पर शहीद होने वाले व देश की सुरक्षा करते हुए अपनी जान कुर्बान करने वालों, देश व देशवासियों की खातिर अपने शरीर के अंग गंवाने वाले सैनिकों और उनके परिवारों, खासतौर पर मातृ-शक्ति का दिल से सम्मान करना है।