----------------
हादसे की जांच के आदेश, प्रदेश के सभी एम्यूजमेंट पार्क के झूलों की होगी जांच
पर्यटन निगम के अतिरिक्त निदेशक की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
हरियाणा सरकार ने 14 फरवरी को पिंजौर के यादविंदरा गार्डन के एक्वा विलेज में हुए दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय महिला पुनीत कौर की मौत की घटना के जांच के आदेश दे दिए हैं। इस मामले में गेम्स क्लब के मालिक और प्रबंधन के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है।
पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक समीर पाल सरो ने पुनीत कौर के निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि महिला की मौत मामले की जांच के लिए पर्यटन निगम के अतिरिक्त प्रबंध निदेशक की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। निगम के मुख्य अभियंता और महाप्रबंधक कमेटी के सदस्य होंगे। यह कमेटी उपाय सुझाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की कोई घटना न हो। पर्यटन विभाग ने यह जमीन एक्वा विलेज को 10 वर्ष के लिए लीज पर दी थी। हरियाणा के सभी एम्यूजमेंट पार्कों में लगे इस तरह के सभी झूलों की जांच के आदेश दिए गए हैं ताकि ऐसी किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। गौरतलब है कि 14 फरवरी को एम्यूजमेंट पार्क स्थित एक्वा विलेज में गो कार्ट की चेन में बाल फंसने की वजह से पुनीत कौर की उस वक्त मौत हो गई थी, जब वह अपने परिवार के साथ पिंजौर गार्डन घूमने आई थीं।