16 घंटे बिजली सप्लाई रही ठप
- बिजली न होने से पीने के पानी को लेकर लोग रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला।
24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावों के बावजूद विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के चलते कई-कई घंटे तक बिजली बाधित रहती है। रविवार रात को भी हल्की बूंदाबांदी से कस्बे समेत पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई और जो अगले दिन के दोपहर दो बजे तक बंद रही। वहीं, विभागीय अधिकारी व कर्मचारी खराब मौसम का बहाना बनाते रहे। इस समस्या के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा लोगों को नलकूपों से पेयजल सप्लाई भी नहीं मिल पाई। कस्बावासी राजपाल, सुरेंद्र, विक्रम, सोनू, अनिल, विनोद आदि ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से घरों के मीटर बाहर निकालकर उन्हें 24 घंटे बिजली सप्लाई देने के विभाग ने सब्जबाग दिखाए है। करीब 16 घंटे बिजली सप्लाई ठप रहने से विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगना लाजिमी है। इससे स्पष्ट है कि विभाग के कर्मचारी व अधिकारी कितने लापरवाह है। बिजली व्यवस्था ठप रहने से आज बिजली के व्यवसाय से जुड़े दुकानदारों और व्यापारियों का धंधा भी चौपट होकर रह गया। वहीं बिजली कार्यालय बरवाला के जेई विशाल ने मौसम खराब होने से बिजली व्यवस्था ठप होने का कारण बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया।