स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए टीम पहुंची पंचकूला
- तीन दिनों के दौरान शहर के सेक्टरों में करेगी दौरा
- टीम की रिपोर्ट के आधार पर तय होगी रैंकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए टीमें सोमवार को पंचकूला पहुंच गईं। हालांकि उनके कार्यक्रम को पूरी तरह गोपनीय रखा गया, ताकि तीन दिनों के दौरान टीम को उन जगहों का मुआयना करने का मौका मिले, जहां स्वच्छता के लिहाज से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को टीम ने सड़कों और पार्कों का मुआयना किया। स्वच्छता के लिए तय मानकों का आकलन करने के बाद टीम अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी, इसी आधार पर पंचकूला की रैकिंग तय होगी।
स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नगर निगम की ओर से गठित टीमें लगातार शहर के सेक्टरों का दौरा कर, कमियों को दूर करने में जुटी हैं। टीम के पहुंचने से पहले शहर की व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया, लेकिन कॉलोनियों में अभी भी कुछ जगहों पर बदहाली का आलम है। सर्वेक्षण के लिए पहुंची टीम न केवल स्वच्छता का मुआयना करेगी, बल्कि इस दौरान लोगों से मिलने वाले फीडबैक, शहर की सफाई के लिए जरूरी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट सहित अन्य मानकों की भी जांच करेगी। सभी पहलुओं के लिए अलग प्वाइंट भी हैं, जिनके आधार पर ही स्वच्छ सर्वेक्षण में पंचकूला को अंक मिलने हैं।
खुले में शौच करने वालों पर कसा शिकंजा
नगर निगम ने पंचकूला को खुले में शौच मुक्त घोषित करने के बाद इस पर भी शिकंजा कसने के लिए किन्नरों से सहयोग लिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके। हालांकि इस दौरान खुले में शौच करने वालों के चालान भी किए जा रहे हैं।